लखनऊ: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में विदेश मंत्रालय के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। यहां होटल क्रिस्टेलिया में खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताने वाले दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। दोनों आरोपियों ने होटल स्टाफ को बंधक बना लिया और कुछ समय के लिए होटल को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभिनव सिंह और शिवम चौहान एक तुर्कमेनिस्तान की महिला की तलाश में होटल पहुंचे थे। दोनों ने किराए पर कार ली थी, जिस पर “विदेश मंत्रालय” भी लिखवाया गया था। होटल पहुंचने के बाद उन्होंने खुद को सरकारी अधिकारी बताया और स्टाफ पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया

आरोप है कि दोनों ने होटल कर्मचारियों को बंधक बना लिया और वहां मौजूद अन्य ग्राहकों को भी एक कमरे में बंद कर दिया। करीब एक घंटे तक होटल में अफरातफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से विदेश मंत्रालय के नाम पर बनाए गए 478 फर्जी ID कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इन फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल कहां-कहां करने वाले थे और इस गिरोह में कितने लोग शामिल हैं। पुलिस एक अन्य आरोपी की भी तलाश कर रही है।

CM योगी का PRD जवानों को बड़ा तोहफा, प्रतिदिन भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये

शेयर करना
Exit mobile version