लखनऊ: राजधानी लखनऊ में कैश कैरियरों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का एसटीएफ (STF) ने खुलासा किया है। एसटीएफ ने गिरोह के मास्टरमाइंड दिनेश चंद्र यादव समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 48.45 लाख रुपये नकद, एक अवैध पिस्टल, दो कारतूस और 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जांच के मुताबिक, यह गिरोह लखनऊ में कैश कैरियरों को अपना निशाना बनाता था। आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए स्कूटी सवार कैश कैरियरों को कार से टक्कर मारकर गिरा देते थे। इसके बाद उनसे नकदी लूटकर फरार हो जाते थे।
एसटीएफ के मुताबिक, गिरोह ने लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में कई बड़ी लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। विराजखंड सब्जी मंडी के पास 22 लाख रुपये की लूट की गई थी। वहीं, विराटखंड में जुलाई महीने में 45 लाख रुपये लूटे थे। इसके अलावा आशियाना के सेक्टर-जी में 1.55 करोड़ रुपये की लूट की वारदात को भी अंजाम दिया गया था।
एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए सहारा पुल के नीचे क्रिकेट एकेडमी के पास से सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस और एसटीएफ गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हैं।


