लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में 27 मई को हुए प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड का एसटीएफ और लखनऊ पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी का पूर्व नेता दिनेश यादव निकला। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुबीन को गिरफ्तार कर लिया है।

सपा नेता का राजनीतिक रसूख और खूनी साजिश

आरोपी दिनेश यादव सपा की लोहिया वाहिनी का पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुका है। सोशल मीडिया पर उसकी सपा के बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें और चुनाव प्रचार के वीडियो वायरल हो रहे हैं। पुलिस ने आरोपी की चार गाड़ियां सीज की हैं, जिनमें से एक लग्जरी कार पर ‘राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, लोहिया वाहिनी’ का बोर्ड भी लगा हुआ है।

जांच में सामने आया है कि मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले संदीप सिंह और दिनेश यादव के बीच करीब पांच महीने पहले जमीन को लेकर एक बड़ा विवाद हुआ था। इसी रंजिश में दिनेश ने संदीप को रास्ते से हटाने की ठान ली थी। उसने अपने ड्राइवर मुबीन के जरिए 5 लाख रुपये में भाड़े के शूटरों को संदीप की हत्या की सुपारी दी। योजना के तहत 27 मई को बाइक सवार बदमाशों ने संदीप की गोली मारकर हत्या कर दी।

परिजनों की मांग- ‘हो गाजियाबाद जैसा एनकाउंटर’

हत्याकांड के खुलासे के बाद मृतक संदीप सिंह के परिजन पीजीआई थाने पहुंचे और पुलिस कमिश्नर व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। परिजनों ने मांग की है कि जिस तरह गाजियाबाद की घटना में हत्यारों का एनकाउंटर किया गया, उसी तरह संदीप के हत्यारे शूटरों का भी एनकाउंटर होना चाहिए। परिजनों का कहना है कि संदीप बेहद सीधा और सरल व्यक्ति था। अब इस खूंखार गैंग से उनके परिवार की जान को भी खतरा है, इसलिए उन्हें तत्काल पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए।

पुलिस का आश्वासन

पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया है। एसटीएफ और पुलिस की कई टीमें अब इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों फरार शूटरों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों शूटर सलाखों के पीछे होंगे और इसमें शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ghaziabad में प्रशासन का बड़ा एक्शन, अवैध मदरसों पर लगा ताला।

शेयर करना
Exit mobile version