उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में गुरुवार को एक बेहद दहला देने वाली घटना सामने आई। गोमती नगर थाने के बेहद करीब स्थित आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) की शाखा के बाहर बैंक की महिला रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की उनके ही पति मानस बाजपेई ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने हुसड़िया चौराहे के पास खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिव्या मिश्रा का अपने पति मानस बाजपेई के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। गुरुवार को जब दिव्या अपनी ड्यूटी पर गोमती नगर स्थित बैंक शाखा पहुंचीं, तो आरोपी पति वहां पहुंच गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर पति ने बैंक के बाहर ही दिव्या मिश्रा पर गोलियां चला दीं। इस हमले में गंभीर रूप से घायल होकर दिव्या जमीन पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मानस बाजपेई मौके से फरार हो गया और कुछ ही दूरी पर स्थित हुसड़िया चौराहे के पास पहुंचकर खुद को भी गोली मार ली। इस दोहरी घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Lucknow में दिनदहाड़े मर्डर, ICICI बैंक महिला अधिकारी की गोली मारकर हत्या

शेयर करना
Exit mobile version