इस साल भारत ने जून में रूस से रिकॉर्ड मात्रा में कच्चा तेल इंपोर्ट किया है और यह पिछले महीने के मुकाबले 34 परसेंट ज़्यादा रहा है। हालांकि, इस दौरान इंटरनेशनल मार्केट में कीमतों में नरमी के कारण तेल एक्सपोर्ट से रूस की इनकम कम दर्ज की गई। यह जानकारी सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की रिपोर्ट में दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने जून में रूस से 4.5 बिलियन यूरो का कच्चा तेल खरीदा, जो रूस से उसके कुल 5.5 बिलियन यूरो के फॉसिल फ्यूल इंपोर्ट का 83 परसेंट है। इस तरह, भारत चीन के बाद रूस से हाइड्रोकार्बन खरीदने वाला दूसरा सबसे बड़ा देश बन गया।
भारत का कुल क्रूड ऑयल इंपोर्ट 5.4 परसेंट बढ़ा
वही जून में महीने-दर-महीने के आधार पर भारत का कुल क्रूड ऑयल इंपोर्ट 5.4 परसेंट बढ़ा। इस दौरान भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल की डिलीवरी में ज़बरदस्त बढ़ोतरी हुई। मई के मुकाबले रिलायंस इंडस्ट्रीज़ की जामनगर रिफाइनरी में रूस से तेल की सप्लाई 150 परसेंट, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) की पारादीप रिफाइनरी में 126 परसेंट, भारत पेट्रोलियम (BPCL) की कोच्चि रिफाइनरी में 83 परसेंट और नायरा एनर्जी की वाडिनार रिफाइनरी में 45 परसेंट बढ़ी।
एक्सपोर्ट बढ़ने के बावजूद रोज़ाना की इनकम में कमी
CREA के मुताबिक, भारत की तरफ से ज़्यादा खरीदारी की वजह से जून में रूस का क्रूड ऑयल एक्सपोर्ट वॉल्यूम 14 परसेंट बढ़ा। इसके बावजूद, कम कीमतों की वजह से क्रूड ऑयल से रूस की रोज़ाना एक्सपोर्ट इनकम 8 परसेंट घटकर 348 मिलियन यूरो प्रति दिन रह गई। कुल मिलाकर, फॉसिल फ्यूल एक्सपोर्ट से रूस की रोज़ाना की इनकम 1 परसेंट घटकर 73.4 मिलियन यूरो रह गई, जबकि एक्सपोर्ट क्वांटिटी 7 परसेंट बढ़ी।
जून में भारत ने रूस से क्या इंपोर्ट किया ?
रिपोर्ट में कहा गया है कि जून में रूस से भारत के €5.5 बिलियन के फॉसिल फ्यूल इंपोर्ट में €4.5 बिलियन का क्रूड ऑयल, €48.8 मिलियन के पेट्रोलियम प्रोडक्ट और €44.4 मिलियन का कोयला शामिल था। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत रूसी क्रूड ऑयल से बने रिफाइंड फ्यूल के ग्लोबल ट्रेड में भी अहम भूमिका निभा रहा है। जून में, भारत, तुर्की, ब्रुनेई और जॉर्जिया की रिफाइनरियों ने 81.4 मिलियन यूरो के पेट्रोलियम प्रोडक्ट उन देशों को एक्सपोर्ट किए जिन्होंने रूस पर बैन लगाए हैं – यूरोपियन यूनियन, यूनाइटेड स्टेट्स और ऑस्ट्रेलिया। इसमें से लगभग 36.9 करोड़ रुपये के प्रोडक्ट रूसी क्रूड ऑयल से बनाए गए थे।














