रोम/वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने विवादित बयानों के कारण पहले भी कई वैश्विक नेताओं को नाराज कर चुके हैं, लेकिन इस बार पासा पूरी तरह उल्टा पड़ गया है। उनका सामना इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से हुआ, जिन्होंने ट्रंप की टिप्पणी पर करारा जवाब देते हुए उनके अहंकार को दुनिया के सामने तार-तार कर दिया। विवाद की शुरुआत तब हुई जब ट्रंप ने एक इतालवी मीडिया आउटलेट को दिए फोन इंटरव्यू में यह दावा कर दिया कि मेलोनी जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए मिन्नतें कर रही थीं।
15 से 17 जून तक फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित जी-7 सम्मेलन के बाद ट्रंप ने अपनी आदत के मुताबिक शेखी बघारते हुए कहा, मेलोनी शायद इस बात से बहुत खुश होंगी कि मैंने उनसे बात की, जबकि मुझे उनसे बात करने की कोई खास जरूरत नहीं थी। वो मेरे साथ एक फोटो खिंचवाने के लिए सचमुच मिन्नतें कर रही थीं। वो किसी भी कीमत पर मेरे साथ एक तस्वीर चाहती थीं। मैं तो फोटो नहीं खिंचवाता, लेकिन मुझे उस पर थोड़ा तरस आ गया, इसलिए मैंने हां कह दिया।
ट्रंप के इस अपमानजनक बयान पर मेलोनी ने चुप रहने के बजाय उन्हें उसी भाषा में जवाब देने का फैसला किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा, डोनाल्ड ट्रंप के ये बयान पूरी तरह से मनगढ़ंत और झूठे हैं। सच कहूं तो मैं उनकी इस हरकत से पूरी तरह हैरान हूं। मुझे समझ नहीं आता कि संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति अपने ही सबसे भरोसेमंद सहयोगियों के साथ इस तरह का घटिया व्यवहार क्यों करते हैं? ये कोई पहली बार नहीं है जब उन्होंने ऐसा कुछ किया हो।
मेलोनी ने आगे कड़े शब्दों में कहा, ये बेहद शर्मनाक है कि ट्रंप अपने दोस्तों को नीचा दिखाने में तो पूरी ताकत लगा देते हैं, लेकिन जब बात पश्चिमी देशों और अमेरिका के असली दुश्मनों की आती है तो उनके सुर बदल जाते हैं। वो दुश्मनों और उन तानाशाहों के सामने बहुत ज्यादा नरम हो जाते हैं, जो दुनिया के लिए खतरा हैं। लेकिन ट्रंप को एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए- कि मैं और मेरा देश इटली कभी किसी के आगे भीख नहीं मांगते।
इटली के उप प्रधानमंत्री ने रद्द की अमेरिका यात्रा
मेलोनी के इस करारे जवाब के बाद यह विवाद अब दो देशों के कूटनीतिक संबंधों तक पहुंच गया है। ट्रंप द्वारा इटली की प्रधानमंत्री के अपमान से पूरा देश इस कदर नाराज है कि सरकार ने एक सख्त कूटनीतिक कदम उठाया है। इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो तायानी ने 21 और 22 जून को होने वाली अपनी आधिकारिक अमेरिका यात्रा को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का ऐलान कर दिया है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा गया है।



