भारतीय मूल के निखिल गुप्ता को अमेरिका में हत्या की साजिश से जुड़े मामले में 20 नवंबर को सजा सुनाई जाएगी। सजा के ऐलान से पहले निखिल गुप्ता ने अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज विक्टर मारेरो को पत्र लिखकर अपने किए पर पछतावा जताया है और माफी मांगी है। अपने पत्र में उसने गिरफ्तारी के बाद मानसिक रूप से हुए संघर्षों और परिवार से संपर्क नहीं कर पाने की परेशानी का भी जिक्र किया है।
निखिल गुप्ता ने पत्र लिखकर जताया पछतावा
अमेरिकी जज को लिखे पत्र में निखिल गुप्ता ने स्वीकार किया कि 2023 की शुरुआत में उसकी मानसिक स्थिति काफी खराब हो गई थी। उसने लिखा कि उस समय वह जिस इंसान में बदल गया था, उसे खुद भी पहचान नहीं पा रहा था।
निखिल गुप्ता ने अपने पत्र में कहा, ‘मेरा मानसिक संतुलन बिगड़ गया था… काश मैं समय को पीछे ले जाकर 2023 में अपनी गलतियों को सुधार पाता।’
उसने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उसकी सबसे बड़ी चिंता परिवार से संपर्क करने की थी। वह अपने परिवार को यह बताना चाहता था कि वह जीवित है और उन्हें अपनी परिस्थितियों के बारे में जानकारी दे सके। हालांकि, अमेरिकी कानून तोड़ने के आरोपी के रूप में उस पर लगी पाबंदियों के कारण वह कई हफ्तों तक ऐसा नहीं कर पाया।
पत्र के अंत में निखिल गुप्ता ने कहा कि अदालत जो भी फैसला सुनाएगी, वह उसे स्वीकार करेगा।
शराब और निजी संघर्षों का भी किया जिक्र
निखिल गुप्ता ने अपने पत्र में बताया कि अत्यधिक शराब पीने और निजी जीवन के संघर्षों ने उसकी सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित किया था। उसने हिरासत के शुरुआती दिनों में गंभीर मानसिक परेशानियों का सामना करने की बात भी कही।
उसने अपनी पत्नी, बच्चों, मां और परिवार के साथ अपनी दो बिल्लियों को लेकर चिंता जताई। निखिल के मुताबिक, उसे इस बात का पछतावा था कि उसके कारण परिवार को गहरा दुख पहुंचा।
20 नवंबर को होगी सजा की सुनवाई
निखिल गुप्ता को सजा सुनाए जाने से पहले इस मामले में कई महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज अदालत में दाखिल किए गए हैं। इसी क्रम में संघीय अभियोजकों ने अदालत से अनुरोध किया है कि इस कथित साजिश के निशाने पर रहे गुरपतवंत सिंह पन्नू को अदालत में सीधे अपनी बात रखने के लिए 20 मिनट का समय दिया जाए।
अब इस मामले में 20 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर नजरें टिकी हैं, जहां अमेरिकी अदालत निखिल गुप्ता को सजा सुनाएगी।












