बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सैदखानपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात उस समय भारी अफरातफरी और भगदड़ मच गई, जब बाराबंकी की ओर जा रही मरुधर एक्सप्रेस के एक डिब्बे में अचानक आग लग गई। ट्रेन के जनरल कोच थ्री (General-3) के पहिए से अचानक तेज धुआं और आग की लपटें उठती देख यात्रियों के होश उड़ गए। घटना रात करीब एक बजे की है, जिसके बाद आनन-फानन में ट्रेन को सैदखानपुर स्टेशन पर ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका गया।

चश्मदीदों के मुताबिक, बोगी के नीचे से उठती तेज लपटों को देखकर यात्रियों में इस कदर खौफ फैल गया कि वे अपनी जान बचाने के लिए चलती ट्रेन और स्टेशन पर रुकते ही खिड़की-दरवाजों से नीचे कूदने लगे। इस दौरान स्टेशन परिसर में काफी देर तक चीख-पुकार मची रही। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

स्टेशन मास्टर रफीक ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण ‘ब्रेक बाइंडिंग’ (पहियों का आपस में चिपक जाना) पाया गया है। ब्रेक बाइंडिंग की वजह से पहियों के बीच भारी घर्षण हुआ, जिससे पहले धुआं और फिर तेज चिंगारियां निकलने लगीं। रेलवे की तकनीकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही आवश्यक मरम्मत का काम पूरा किया और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया। करीब 42 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रहने और पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। रेलवे कर्मियों की सूझबूझ से एक बहुत बड़ा रेल हादसा होने से टल गया।

Shamli: "इस्लाम धर्म अच्छा लगा तो कबूल किया", आयुष मलिक उर्फ अली का बयान

शेयर करना
Exit mobile version