उन्नाव : उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरखेत गांव से आ रही बड़ी खबर के अनुसार, दिवंगत साधु मिलन दास का अंतिम संस्कार आज धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न करा दिया गया है। साधु की मौत के बाद से ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त था। माहौल को बिगड़ता देख मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी (SDM) और क्षेत्राधिकारी (CO) ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

परिजनों की मांग को शासन को भेजेगा जिला प्रशासन
साधु मिलन दास के परिजनों ने अपनी कुछ मांगें प्रशासन के सामने रखी थीं। इस पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों को पूरी तरह आश्वस्त किया है कि उनकी सभी जायज मांगों को संकलित कर उत्तर प्रदेश शासन (सरकार) के पास जल्द से जल्द विचार और स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इस ठोस आश्वासन के बाद ही परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।

3 नामजद आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार की तलाश तेज
इस हत्याकांड के मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई देखने को मिली है। बांगरमऊ कोतवाली पुलिस इस सनसनीखेज मामले में अब तक 3 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, घटना में शामिल 2 अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात है।

Google Map ने दिखाया गलत रास्ता, परीक्षा केंद्र की जगह जंगल पहुंचे पुलिस भर्ती के अभ्यर्थी

शेयर करना
Exit mobile version