जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार (18 नवंबर) तड़के हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर लतीफ अहमद भट मारा गया। वह 11 नवंबर को कुलगाम के नौपुरा मीर बाजार में CRPF पोस्ट पर हुए हमले में शामिल था। सुरक्षाबल लंबे समय से उसकी तलाश कर रहे थे।

जंगलपोरा इलाके में तड़के शुरू हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात खुफिया एजेंसियों से आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। बुधवार सुबह करीब 4 बजे तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों का सामना एक आतंकवादी से हो गया। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।

मस्जिद में छिपा था लश्कर कमांडर

अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षाबलों को इलाके में लश्कर कमांडर लतीफ अहमद भट की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। तलाशी अभियान के दौरान वह जंगलपोरा की एक मस्जिद के अंदर फंस गया। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया।

सोमवार को मारा गया था लतीफ का साथी उमर निसार डार

इससे पहले सोमवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में आतंकी उमर निसार डार मारा गया था, जबकि एक अन्य आतंकवादी घायल हुआ था। उमर निसार डार हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था और लतीफ अहमद भट का साथी था। इस मुठभेड़ में लतीफ भट भी घायल हुआ था।

11 नवंबर को CRPF पोस्ट पर किया था हमला

11 नवंबर को कुलगाम के नौपुरा मीर बाजार में हथियारों से लैस दो आतंकियों ने CRPF की एक चौकी को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे।

जांच के मुताबिक, उमर निसार डार और लतीफ अहमद भट ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम समेत कई इलाकों की रेकी की थी। इसका मकसद सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए जगहों की पहचान करना और हमले की योजना तैयार करना था। हमले के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार हो गए थे।

CCTV फुटेज से हुई थी आतंकियों की पहचान

10 और 11 नवंबर के CCTV फुटेज की जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को उमर निसार डार और लश्कर कमांडर लतीफ अहमद भट की मौजूदगी के अहम सुराग मिले थे। दोनों कई स्थानों पर लगे CCTV कैमरों में कैद हुए थे। इसके बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश तेज कर दी थी। पहले उमर निसार डार मारा गया और अब लतीफ अहमद भट को भी सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है।

"2027 में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगा INDIA गठबंधन..", Aradhana Mishra Mona का बड़ा बयान

शेयर करना
Exit mobile version