बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में आम सहमति बनने के बाद बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और देशव्यापी आंदोलन को टाल दिया गया है। इस समझौते के बाद बैंक कर्मियों और ग्राहकों दोनों ने बड़ी राहत की सांस ली है, क्योंकि हड़ताल टलने से बैंकिंग कामकाज दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सकेगा।
बैठक में दोनों पक्षों के बीच कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। ये तय किया गया कि सभी शनिवार को बैंक की छुट्टियों और उससे जुड़े विकल्पों पर विचार करने के लिए एक हाईलेवल कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी सभी संबंधित हितधारकों से बातचीत कर इस पर एक ठोस समाधान तलाशने का प्रयास करेगी। इसके अलावा, स्केल-IV अधिकारियों की पीएलआई (PLI) स्कीम में बदलाव और 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
UFBU के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रबंधन की तरफ से सकारात्मक रुख दिखाए जाने और बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान निकालने के आश्वासन के बाद आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया। लंबित मुद्दों पर जल्द ही आगे की बातचीत होगी। हड़ताल टलने से देश भर में बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।















