बिहार के हाजीपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। राघोपुर दियारा क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुई इस घटना में 14 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन लोगों को सुरक्षित बचाया गया। मृतकों में ज्यादातर बच्चों के शामिल होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। बिहार सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
भोज खाने जा रहे थे नाव पर सवार लोग
जानकारी के मुताबिक, नाव पर 20 से अधिक लोग सवार थे और वे भोज खाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी में नाव पलट गई और उस पर सवार लोग पानी में गिर गए। अचानक हुए हादसे में लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन सक्रिय हुए। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
नाव हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सामने आए वीडियो में मौके पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। एंबुलेंस के जरिए पीड़ितों को मदद पहुंचाने की कोशिश की गई। अपनों को खोने वाले परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
तेजस्वी यादव ने जताया दुख, राहत-बचाव में तेजी लाने की अपील
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की घटना पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और सभी के सुरक्षित होने की कामना की। तेजस्वी यादव के मुताबिक, उन्होंने स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से बातचीत कर राहत-बचाव तथा उपचार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया मुआवजे का ऐलान
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में लोगों, खासकर बच्चों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया। साथ ही, प्रशासन को राहत-बचाव अभियान में तेजी लाने और घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चिराग पासवान ने भी जताया शोक
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राघोपुर दियारा क्षेत्र में हुए नाव हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि हादसे में कई लोगों की मौत की खबर बेहद पीड़ादायक है और मृतकों में अधिकांश मासूम बच्चों के होने की जानकारी हृदयविदारक है।
चिराग पासवान ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत और हरसंभव सहायता पहुंचाने की बात कही। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नाव पलटने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
हादसे की वजह को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन राहत-बचाव कार्यों के साथ मृतकों की पहचान और परिजनों तक सूचना पहुंचाने में जुटा है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जानकारी का इंतजार है।












