डेस्क: देश के बड़े पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अदालत में मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी के पानी के नमूने लगातार दो बार गुणवत्ता जांच में असुरक्षित पाए गए हैं। जांच में ऐसे रासायनिक तत्वों की मौजूदगी भी सामने आई है, जिनका संबंध कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बताया जाता है। इस कार्रवाई के बाद पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता और उसकी सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
दरअसल, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर नजर रखने वाली सरकारी संस्था FSSAI ने बिसलेरी के पानी के नमूनों की जांच कराई थी। पहली जांच में पानी के अंदर ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक पाई गई। ब्रोमेट को स्वास्थ्य के लिहाज से नुकसानदायक माना जाता है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद कंपनी ने इस पर आपत्ति जताई और दोबारा परीक्षण कराने की मांग की। इसके बाद पानी के नमूनों की फिर से जांच कराई गई।
हालांकि, दूसरी बार की जांच में भी कंपनी को राहत नहीं मिली। दोबारा परीक्षण में भी पानी को पीने के लिए असुरक्षित पाया गया। इस जांच के दौरान पानी में PAHs यानी पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन नाम के रासायनिक तत्वों की मौजूदगी सामने आई। इन तत्वों में कुछ ऐसे पदार्थ शामिल होते हैं, जिन्हें कैंसर के खतरे से जोड़कर देखा जाता है। इस तरह लगातार दो जांचों में नमूने मानकों पर खरे नहीं उतर सके।
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि पानी के नमूने बाजार में बिकने वाली बोतलों से नहीं लिए गए थे, बल्कि जांच के लिए सैंपल सीधे बिसलेरी कंपनी के परिसर से जुटाए गए थे। दोनों जांचों में नमूनों के असुरक्षित पाए जाने के बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाने की मंजूरी दी है।
बिसलेरी का ब्रांड देश में पांच दशक से अधिक समय से मौजूद है और पैकेज्ड पानी के क्षेत्र में इसकी बड़ी पहचान है। ऐसे में कंपनी के पानी के नमूनों का दो बार जांच में फेल होना काफी अहम माना जा रहा है। फिलहाल इस पूरे मामले पर बिसलेरी कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, FSSAI की कार्रवाई के बाद अब मामला कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ेगा।



