उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से मां की ममता और उसकी अदम्य साहस की एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। जिले के सुजौली इलाके के ईदगाह पुरवा गांव में एक खूंखार तेंदुआ रात के वक्त दीवार फांदकर सीधे एक घर के अंदर जा घुसा और चारपाई पर सो रही 6 साल की मासूम बच्ची को अपने जबड़ों में दबोच लिया।
घटना के मुताबिक, तेंदुआ बच्ची को अपने जबड़ों में फंसाकर बाहर खींचने का प्रयास कर रहा था। अचानक हुए इस हमले से बच्ची की चीख निकल पड़ी। अपनी बेटी की चीख सुनते ही उसकी मां बिना एक पल गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना सीधे उस खूंखार तेंदुए से जा भिड़ी। मां ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए तेंदुए के जबड़े से अपनी बच्ची को खींचकर सुरक्षित छुड़ा लिया।
मां की चीख-पुकार और संघर्ष की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत लाठी-डंडे लेकर मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों के भारी शोरगुल और एकजुटता को देखकर तेंदुआ डर गया और मौके से जंगल की तरफ भाग निकला। इस भयानक हमले में मासूम बच्ची दिव्या के शरीर पर तेंदुए के नाखूनों और दांतों से गहरे जख्म के निशान आ गए हैं, जिसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में वन विभाग और तेंदुए की आमद को लेकर भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तुरंत इस आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और कड़े कदम उठाने की मांग की है।



