जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के अशदार गली इलाके में सुरक्षाबलों ने ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान एक आतंकवादी को मार गिराया है। शुक्रवार को खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और श्रीनगर CRPF ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था।
संदिग्ध गतिविधि के बाद शुरू हुई मुठभेड़
ऑपरेशन के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई। सुरक्षाबलों ने जब आतंकवादियों को चुनौती दी तो दूसरी तरफ से गोलीबारी शुरू कर दी गई। इसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया।
मारे गए आतंकी के पास से AK-47 राइफल और युद्ध से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की गई है। इलाके में एक से दो अन्य आतंकवादियों के छिपे होने की जानकारी है और ऑपरेशन अभी जारी है।
10 पैरा कमांडो, SOG और CRPF ने संभाला मोर्चा
अधिकारियों के मुताबिक, बडगाम के ऊंचे पहाड़ी और जंगली इलाकों में कई दिनों से घेराबंदी और तलाशी अभियान चल रहा था। गुरुवार देर शाम संयुक्त टीम ने इलाके में आतंकवादियों के एक समूह की मौजूदगी का पता लगाकर घेरा बनाया।
इस संयुक्त टीम में भारतीय सेना के 10 पैरा कमांडो, जम्मू-कश्मीर पुलिस की SOG और CRPF के जवान शामिल थे। अशदार गली इलाके के पास गुरुवार देर शाम शुरुआती गोलीबारी हुई।
पूरी रात जंगल से आती रही गोलियों की आवाज
घने जंगल वाले इलाके में पूरी रात रुक-रुककर गोलीबारी की आवाज सुनाई देती रही। इस दौरान अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया, ताकि आतंकवादियों के भागने के संभावित रास्तों को बंद किया जा सके।
सुरक्षाबल अब एक आतंकी को मार गिराने के बाद अन्य आतंकवादियों की तलाश में सर्च एंड डिस्ट्रॉय ऑपरेशन चला रहे हैं।
ऊंचे पहाड़ी जंगलों में चल रहा CASO
खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया जा रहा घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) पाखेरपोरा, पुलवामा और यूसमर्ग, बडगाम के बीच फैले घने और ऊंचे पहाड़ी जंगलों में जारी है।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, घेराबंदी वाले इलाके में दो से तीन सक्रिय आतंकवादी फंसे हुए थे। मुश्किल रास्तों, खराब मौसम और घने जंगल के कारण मोबाइल नेटवर्क और सामान्य रेडियो सिग्नल के ठीक से काम नहीं करने से ऑपरेशन में देरी हुई।
पर्यटकों के लिए इमरजेंसी एडवाइजरी जारी
जिला प्रशासन ने इमरजेंसी एडवाइजरी जारी की है। आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अगले आदेश तक पर्यटकों को दूधपथरी और यूसमर्ग जैसी मशहूर जगहों पर जाने से सख्ती से मना किया गया है।















