पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच राहुल गांधी की रैली से पहले नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। रायगंज में प्रस्तावित रैली से पहले बनाए गए हेलीपैड में कथित तोड़फोड़ के आरोपों ने माहौल और गरमा दिया है। कांग्रेस ने सीधे तौर पर टीएमसी कार्यकर्ताओं पर रैली की तैयारियों में बाधा डालने का आरोप लगाया है, जिसके बाद दोनों दल आमने-सामने आ गए हैं।
कांग्रेस का आरोप—रैली रोकने की साजिश
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में रविवार रात हेलीपैड को नुकसान पहुंचाया गया। पार्टी का कहना है कि यह घटना जानबूझकर की गई, ताकि राहुल गांधी की रैली प्रभावित हो सके। कांग्रेस उम्मीदवार मोहित सेनगुप्ता ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इसे रैली रोकने की साजिश बताया है।
TMC ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं कांग्रेस के आरोपों पर टीएमसी ने पलटवार किया है। पार्टी ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कांग्रेस खुद चुनावी माहौल खराब करने के लिए इस तरह के आरोप लगा रही है। टीएमसी नेताओं का कहना है कि उनकी पार्टी का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।
रैली की तैयारी दोबारा शुरू
घटना के बाद हेलीपैड को फिर से ठीक करने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है, ताकि रैली तय समय पर हो सके। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी की रैली रायगंज के स्टेडियम ग्राउंड में दोपहर 12 बजे प्रस्तावित है। इसके अलावा वे मालदा और मुर्शिदाबाद में भी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल
रैली से पहले हुए इस विवाद ने पश्चिम बंगाल की सियासत को और गरमा दिया है। कांग्रेस और टीएमसी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जबकि प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।



