गुजरात के राजकोट शहर से एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां आम आदमी पार्टी की स्थानीय महिला नेता और पूर्व नगरपालिका प्रत्याशी नंदिनी बोस्मिया की उनके फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटकी हुई लाश बरामद हुई है। नंदिनी यहां असलम हुसैन समा नाम के एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतका के पिता ने लिव-इन पार्टनर असलम हुसैन पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने और इसे आत्महत्या का रूप देने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

शादीशुदा असलम के साथ लिव-इन में रहती थीं नंदिनी, अक्सर होता था विवाद
मूल रूप से राजकोट के जेतपुर की रहने वाली नंदिनी बोस्मिया आम आदमी पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता थीं और जेतपुर से निकाय चुनाव भी लड़ चुकी थीं। वह पेशे से एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में भी काम करती थीं। पुलिस जांच के अनुसार, जूनागढ़ में रहने के दौरान नंदिनी की पहचान असलम हुसैन से हुई थी, जो पहले से शादीशुदा है और मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में भी लिप्त बताया जा रहा है। इसके बाद दोनों राजकोट के एक फ्लैट में लिव-इन में रहने लगे। असलम अक्सर जूनागढ़ अपनी पहली पत्नी से मिलने जाता था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर भारी विवाद और झगड़ा होता था।

दरवाजा खुला था और अंदर झूल रहा था शव; पिता ने खोले पुराने राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब गत सोमवार की शाम नंदिनी की बेटी रूपल ने उन्हें कई फोन किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर जब उनके परिचित रवि जोशी फ्लैट पर पहुंचे, तो वहां का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर कमरे में नंदिनी का शव पंखे से लटका हुआ था। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि असलम बेहद हिंसक प्रवृत्ति का है और इससे पहले जूनागढ़ में भी वह नंदिनी पर चाकू से जानलेवा हमला कर चुका था। परिजनों का आरोप है कि इस बार असलम ने विवाद के बाद नंदिनी की हत्या कर दी और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए इसे सुसाइड दिखाने की कोशिश की। राजकोट पुलिस परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की विधिक जांच में जुटी है।

ऑफिस के नक्शे पर चल रही थी कोचिंग,लखनऊ में ALLEN की हलवासिया ब्रांच सील

शेयर करना
Exit mobile version