उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक भयानक दर्दनाक हादसा हो गया है । यहां एटा जिले से सटे अवागढ़-फरिहा रोड पर गांव चिड़रई के पास एक बड़ा नीम का पेड़ उखड़कर एक ई-रिक्शा पर गिर गया। हादसे में ई-रिक्शा ड्राइवर और एक बच्चे समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
पेड़ उखड़कर सीधे ई-रिक्शा के ऊपर गिर गया
मरने वालों में दो लोग एटा जिले के रहने वाले थे। जबकि एक महिला और उसका तीन साल का मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। दरअसल, सोमवार देर शाम अचानक मौसम बदला और तेज आंधी आई। इसी दौरान पड़ोसी जिले एटा के अवागढ़ से सवारियां लेकर एक ई-रिक्शा फरिहा की तरफ आ रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा फरिहा थाना क्षेत्र के गांव चिड़रई के पास पहुंचा, आंधी में सड़क किनारे लगा नीम का पेड़ उखड़कर सीधे ई-रिक्शा के ऊपर गिर गया।
प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू किया
पेड़ गिरने से चीख पुकार मच गई और ई-रिक्शा मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। पेड़ से टकराने के बाद हादसे से सड़क पर असर पड़ा। सूचना मिलने पर सीओ जसराना कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मलबे और भारी तनों के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए तुरंत जेसीबी मशीन बुलाई गई। पुलिस और गांव वालों ने फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम और एसएसपी भी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तुरंत काम संभाला और घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा। फिरोजाबाद के डीएम संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि हादसे की सूचना शासन को भेज दी गई है और कहा गया है कि मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।













