उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में निरीक्षण के दौरान एक उपजिलाधिकारी पर दबंगों द्वारा किए गए जानलेवा हमले के मामले ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। इस गंभीर घटना को लेकर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं और सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की है।
बता दें, मायावती ने अपने आधिकारिक बयान में हरदोई की इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अति-चिंताजनक बताया है। उन्होंने कहा कि जब राज्य में निरीक्षण और सरकारी काम करने गए एक प्रशासनिक अधिकारी पर ही दबंगों द्वारा इस तरह का जानलेवा हमला कर दिया जा रहा है, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
बसपा सुप्रीमो ने जोर देते हुए कहा कि ऐसी हिंसक और दुस्साहसिक घटनाओं की रोकथाम हर हाल में बेहद जरूरी है, ताकि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और भ्रष्टाचार पर भी प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को ऐसे अराजक तत्वों से बचाया जाना बेहद आवश्यक है और सरकार को इस संवेदनशील मामले की ओर तत्काल और समुचित ध्यान देना चाहिए। इस घटना के बाद से ही प्रशासनिक अमले और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है।















