जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ ‘भारत समाचार’ की खबर का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। उरई के रोडवेज बस स्टैंड पर पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के साथ बेहद शर्मनाक अभद्रता, गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले एआरएम (ARM) कमल आर्या के खिलाफ जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने तत्काल कड़ा एक्शन लिया है। डीएम ने अधिकारी के इस अमानवीय व्यवहार को गंभीरता से लेते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

बता दें, पूरा मामला उरई के रोडवेज बस स्टैंड का है, जहाँ पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने टिकट को लेकर जमकर हंगामा काटा था। इसी हंगामे की सूचना मिलने पर स्थिति को संभालने के लिए रोडवेज के एआरएम कमल आर्या मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचते ही वे अपना आपा खो बैठे। आरोप है कि उन्होंने अभ्यर्थियों को सरेआम गंदी गालियां दीं और उनके ‘प्राइवेट पार्ट में डंडा डालने’ जैसी बेहद आपत्तिजनक व खौफनाक धमकी दे डाली। इतना ही नहीं, एआरएम ने अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की धौंस देते हुए कहा कि ऐसी हरकत करोगे तो ‘पुलिस की नौकरी भूल जाओगे’। एआरएम के इन बिगड़े बोल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस घटना का वीडियो और खबर ‘भारत समाचार’ पर प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश पांडेय खुद रोडवेज बस स्टैंड पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने अभ्यर्थियों को शांत कराया और सुचारू परिवहन व्यवस्था का आश्वासन दिया। इसके साथ ही डीएम ने अभद्रता करने वाले एआरएम कमल आर्या के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उपजिलाधिकारी (SDM) और क्षेत्राधिकारी (CO) सिटी की एक संयुक्त टीम गठित कर दी है। इन दोनों अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके आधार पर आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Akhilesh Yadav के बयान पर बोले Ajay Rai, मोदी-योगी सरकार पर भी लगाए कई आरोप!

शेयर करना
Exit mobile version