लखनऊ/देवरिया: देवरिया में मजार पर बुलडोजर चलाने को लेकर सियासी विवाद गरमा गया है। पूर्व IAS और देवरिया की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के गंभीर आरोपों के बाद बीजेपी विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने उन पर तीखा हमला बोला है। दोनों के बयानों के बाद मजार को लेकर पुराना विवाद एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में आ गया है।
शलभमणि त्रिपाठी ने दिव्या मित्तल पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोग हवा का रुख देखकर अपने तेवर बदल लेते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरी बचाने के लिए मजार ढहा दी गई और अब राजनीति में मजार के नाम पर आंसू बहाए जा रहे हैं।
दिव्या मित्तल का दावा- मजार पर बुलडोजर चलाने का था दबाव
भारत समाचार के पॉडकास्ट में पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने देवरिया में अपने कार्यकाल के दौरान मजार को लेकर हुए विवाद पर कई बड़े दावे किए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी रहते हुए उन पर मजार पर बुलडोजर चलाने का जबरदस्त दबाव बनाया जा रहा था।
दिव्या मित्तल के मुताबिक, यह पूरा मामला एक जनप्रतिनिधि के वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा था। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उनसे कहा जाता था कि बाकी जिलाधिकारी मस्जिद और मजार पर बुलडोजर चला रहे हैं, फिर उन्हें क्या दिक्कत है।
मजार कमेटी ने हटा लिया था अतिक्रमण- दिव्या मित्तल
पूर्व जिलाधिकारी ने दावा किया कि मजार कमेटी की ओर से अतिक्रमण पहले ही हटा लिया गया था। इसके बावजूद उन पर मजार गिराने का दबाव बनाया जा रहा था।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर लखनऊ से लेकर देवरिया तक किसका दबाव काम कर रहा था? दिव्या मित्तल के मुताबिक, उन्होंने मजार को गिरने नहीं दिया, लेकिन इसके बाद उनका तबादला हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि मजार आज भी मौजूद है और वहां रोजाना चादर चढ़ाई जाती है।
शलभमणि त्रिपाठी का पलटवार- हवा का रुख देखकर बदलते हैं तेवर
दिव्या मित्तल के आरोपों पर बीजेपी विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “ऐसे लोग हवा का रुख देखकर तेवर बदलते हैं। नौकरी बचानी थी तो मजार को ढहा दिया था, अब राजनीति में मजार के नाम पर आंसू बहा रही हैं।”
शलभमणि त्रिपाठी ने दावा किया कि संबंधित मजार अवैध थी और इसी वजह से उसे गिराया गया। उन्होंने दिव्या मित्तल के आरोपों पर सवाल उठाते हुए उनके बयान को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया।
मजार आज भी मौजूद, दोनों के दावों से बढ़ा सियासी विवाद
इस पूरे मामले में दिव्या मित्तल का कहना है कि उनके कार्यकाल में मजार को गिराने का दबाव था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं होने दिया। वहीं, शलभमणि त्रिपाठी का दावा है कि मजार अवैध थी और उसे गिराया गया।
दोनों के बयानों में सामने आए विरोधाभास ने देवरिया के इस पुराने मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है। अब सवाल उठ रहा है कि मजार पर बुलडोजर चलाने को लेकर तत्कालीन प्रशासन पर किसका दबाव था और उस समय वास्तव में क्या परिस्थितियां बनी थीं?












