नेपाल के रसुवागढ़ी जिले में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ का असर अब भारतीय सीमावर्ती क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। नेपाल के पर्सा और बारा जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

नेपाल के वीरगंज भंसार कार्यालय पर गुरुवार को पर्यटकों की संख्या में कमी देखने को मिली। वहीं, नेपाल पुलिस, सेना और पर्यटन बोर्ड ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

पर्यटकों से दो दिन नेपाल नहीं आने की अपील

नेपाल के चितवन पुलिस और सेना ने अलर्ट जारी करते हुए अगले दो दिनों तक पर्यटकों से नेपाल की यात्रा नहीं करने की अपील की है।

बाढ़ के कारण कई पुल और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इसके चलते नारायणघाट-मुग्लिंग-काठमांडू मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद लोगों को स्थानीय प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों, ट्रैवल एजेंसी, गाइड और टूर ऑपरेटर के संपर्क में रहने की सलाह दी है। साथ ही बिना पुष्टि वाली सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है।

पोखरा और मुक्तिनाथ जाने वाला मार्ग भी बंद

नारायणघाट से मुग्लिंग होते हुए पोखरा और मुक्तिनाथ जाने वाला सड़क मार्ग भी बंद कर दिया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि स्थिति सुधरने पर यह मार्ग जल्द खोला जा सकता है।

मार्ग बंद होने से बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटकों, यात्रियों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन ने हालात सामान्य होने तक लोगों से इस रूट पर यात्रा टालने की अपील की है।

भोटेकोशी और त्रिशूली नदी किनारे दिखा तबाही का मंजर

भोटेकोशी और त्रिशूली नदी किनारे बसे गांवों में पानी कम होने के बाद तबाही का मंजर सामने आने लगा है। ऊंचे स्थानों पर रात बिताने वाले लोग जब गुरुवार सुबह अपने घर लौटे तो कई जगहों पर बर्बादी देखकर हैरान रह गए।

कई घरों में मलबा भर गया है, जबकि कुछ मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई लोग अपने घरों का सामान बचाने में जुटे नजर आए, वहीं कुछ परिवार अपनों को खोने के गम में परेशान दिखे।

वीरगंज भंसार पर कम हुई पर्यटकों की आवाजाही

वीरगंज भंसार के रास्ते काठमांडू, नारायणघाट, पोखरा, मुक्तिनाथ और चितवन जाने वाले कई पर्यटक वापस लौट गए। हालांकि, हेथौड़ा और अन्य क्षेत्रों में जाने वाले कुछ यात्रियों ने अपनी यात्रा जारी रखी।

रक्षाबंधन के मौके पर घर लौटने वाले लोगों की संख्या भी प्रभावित हुई है। नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही के बाद सीमा क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही काफी कम हो गई है। कई भारतीय और विदेशी पर्यटकों ने सुरक्षा कारणों से अपनी यात्रा बीच में रोक दी है।

"पुलिस के हाथ लगी करप्शन की 'कमीशन लिस्ट'!", बाबू-अफसरों से लेकर बड़े नेताओं तक के नाम !

शेयर करना
Exit mobile version