भारतीय सिनेमा से लेकर हॉलीवुड तक अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके बहुमुखी अभिनेता अली फजल इन दिनों अपनी नई वेब सीरीज ‘राख’ में एक बेहद संजीदा पुलिस अधिकारी ‘जेपी’ की भूमिका को लेकर सुर्खियों में हैं। यह किरदार ‘मिर्जापुर’ के उनके आइकॉनिक और खूंखार ‘गुड्डू भैया’ के किरदार से बिल्कुल उलट है। हाल ही में अली फजल ने अपने किरदारों, हॉलीवुड-बॉलीवुड के बीच के संतुलन, रिचा चड्ढा के साथ अपने प्रोडक्शन हाउस की चुनौतियों और आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर खुलकर बात की।
1978 के लहजे को पकड़ने के लिए की कड़ी रिसर्च
‘राख’ में अपने अलग किरदार और तैयारी को लेकर अली फजल ने बताया, “इस शो की स्क्रिप्ट पर बहुत गहरा काम हुआ था। हर पात्र की तैयारी की प्रक्रिया अलग होती है। ‘राख’ मूल रूप से 1978 के दौर की कहानी है, जिसके लिए मुझे काफी रिसर्च करनी पड़ी कि उस समय लोगों का रहन-सहन, लिखाई-पढ़ाई और बोलने का लहजा कैसा होता था। मुझे वर्दी के पीछे छिपे इंसान की जद्दोजहद को समझना था।” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें हमेशा ऐसे आम इंसानों की कहानियां पसंद आती हैं जिनके दिमाग के अंदर घुसकर उनके जेहन का हाल जाना जा सके।
गलत फैसलों पर नहीं है कोई पछतावा
जब अली से पूछा गया कि क्या जिंदगी में किसी प्रोजेक्ट को लेकर कोई अफसोस है, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, “मेरी जिंदगी में ऐसी बहुत सी चीजें हुई हैं। जो चीजें नहीं चलती हैं, वो आपके साथ सबक बनकर रह जाती हैं। पर मुझे कभी कोई पछतावा नहीं रहा। मेरे लिए कहानी और उसे सुनाने वाला सबसे ज्यादा मायने रखते हैं।”
हॉलीवुड का बड़ा शो छूटा, पर दिल है ‘देसी’
दोनों फिल्म इंडस्ट्रीज के बीच संतुलन बनाने की झुंझलाहट पर अली ने एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया, “मैं इस संतुलन को लेकर थोड़ा जूझ रहा हूं। पिछले साल भारतीय सिनेमा की प्रतिबद्धताओं के कारण मुझे हॉलीवुड का एक बहुत बड़ा शो छोड़ना पड़ा था। कभी-कभी ख्याल आता है कि सब कुछ छोड़ कर वहीं चला जाऊं, लेकिन मेरा मन और दिल भारतीय सिनेमा में ही अटका रहता है। मैं ठहरा देसी आदमी, मुझे तो यहीं की बहुत सी कहानियां सुनानी हैं।”
बटोर निर्माता अपनी पत्नी रिचा चड्ढा के साथ काम करने के अनुभव पर उन्होंने कहा कि दोनों के एक्टर होने की वजह से प्रोडक्शन का काम थोड़ा धीमा जरूर हो जाता है, क्योंकि वे स्वतंत्र निर्माता हैं और उनके पास निवेशकों की लाइन नहीं लगी है। हालांकि, वे फिलहाल दो फिल्मों और एक शो पर काम कर रहे हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में लौटेगा पहले सीजन का रोमांच
फैंस के सबसे बड़े सवाल यानी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ पर बात करते हुए अली फजल ने उत्साह जताया। उन्होंने कहा, “हम भारतीय सिनेमा में एक बिल्कुल नया प्रयोग कर रहे हैं, जहां किसी वेब सीरीज पर फीचर फिल्म बनाई जा रही है। फिल्म इस समय एडिटिंग और पोस्ट प्रोडक्शन स्टेज पर है। इसमें सीरीज के पहले सीजन की तरह ही ओरिजिनल कलाकार और उनका वही पुराना रॉ लुक देखने को मिलेगा। मैंने भी गुड्डू भैया के लिए बिल्कुल पहले सीजन जैसी ही तैयारी की है, जनता को इसमें भरपूर मजा आने वाला है।”



