दिल्ली : मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में दर्दनाक हादसे की खबर आ रही है । शुक्रवार दोपहर हुए एक हादसे में तीन मजदूरों की जान चली गई। तीनों फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक की सफाई करने के लिए उतरे थे, तभी वे जहरीली गैस की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। लोगों ने फायर डिपार्टमेंट और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट, पुलिस और एडमिनिस्ट्रेटिव टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तीनों के शव बाहर निकाल लिए गए।
टैंक के अंदर फंसे गए थे
फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, दोपहर करीब 12.03 बजे सूचना मिली कि ज्वाला पुरी इलाके के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री नंबर 93/8 में कुछ लोग सेप्टिक टैंक के अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। रास्ते में ट्रैफिक जाम होने की वजह से टिकरी से एक और फायर इंजन भेजा गया। बाद में SDM भी मौके पर पहुंचे।
तीनों एक-दूसरे को बचाने के लिए गए हुए थे
शुरुआती जांच में पता चला कि पहले एक मजदूर सेप्टिक टैंक में उतरा था। वह कुछ देर तक बाहर नहीं आया लेकिन दूसरा और फिर तीसरा मजदूर उसे बचाने के लिए नीचे उतरा। लेकिन टैंक में मौजूद ज़हरीली गैस की वजह से तीनों बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। फायरमैन ने किसी तरह तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतको की पहचान अरुण (38), संदीप (32) और चांद (42) के तौर पर हुई है। तीनों सुल्तानपुरी के इंद्र झील इलाके के रहने वाले थे। हादसे की जानकारी मिलने पर उनके परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद से परिवार वाले बहुत परेशान हैं।
पुलिस जांच में जुटी
वही पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुंडका थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सेप्टिक टैंक में उतरने से पहले ज़रूरी सुरक्षा उपाय किए गए थे या नहीं। अगर सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



