उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शख्स तांत्रिक बनकर लंबे समय तक महिलाओं और युवतियों का दैहिक शोषण करता रहा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तांत्रिक को दबोच लिया है। उस पर दो सगी बहनों के साथ वर्षों तक दुष्कर्म करने और तीसरी बहन के साथ भी गंदी हरकत व दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी तांत्रिक गहिनी खुर्द (थाना फूलपुर) का रहने वाला है। वह तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का झांसा देकर पीड़ित परिवार के घर आता-जाता था। घटना वाले दिन आरोपी ने माता-पिता को मंत्र-जाप का बहाना बनाकर घर के बाहर ही बैठा दिया और अंदर अकेली पीड़िता से दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। जब पीड़िता ने विरोध करते हुए शोर मचाया, तो घर के बाहर मौजूद परिजन और अन्य लोग तुरंत अंदर भागे और आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। फूलपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने इससे पहले भी दो सगी बहनों को अपनी हवस का शिकार बनाया था। पुलिस ने इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोगों में भारी आक्रोश है।



