नई दिल्ली। प्रीपेड मोबाइल रिचार्ज कराने वाले करोड़ों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने ‘टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (तेरहवां संशोधन) रेगुलेशन, 2026’ के नियम जारी कर दिए हैं। इसके तहत अब Jio, Airtel, Vi और BSNL जैसी टेलीकॉम कंपनियों को ग्राहकों के लिए केवल कॉल और SMS वाले नए तथा सस्ते मोबाइल रिचार्ज लाने होंगे। इससे उन लोगों को मजबूरन डेटा वाले महंगे प्लान नहीं लेने पड़ेंगे, जिन्हें इंटरनेट की जरूरत नहीं होती। ट्राई ने इस संबंध में एक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।
क्या हैं ट्राई के नए नियम?
सरल शब्दों में समझें तो ट्राई ने टेलीकॉम कंपनियों को साफ निर्देश दिया है कि उन्हें ग्राहकों के लिए सस्ते मोबाइल रिचार्ज लेकर आने होंगे। ऐसे ग्राहक, जिन्हें मोबाइल रिचार्ज कराते समय डेटा की जरूरत नहीं होती, उन्हें अब ज्यादा और सस्ते विकल्प मिल सकेंगे। नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को Voice और SMS Only STV (स्पेशल टैरिफ वाउचर) देने होंगे।
इसके अलावा 30 दिन और उससे कम वैलिडिटी के लिए ऐसे प्लान जरूरी कर दिए गए हैं। हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू होने वाला विकल्प भी ग्राहकों को देना होगा। वहीं, 30 दिन से अधिक वैलिडिटी वाला कम-से-कम एक Voice-SMS प्लान भी अनिवार्य हो गया है।
ट्राई के फैसले से ग्राहकों को क्या फायदा?
पैसे की बचत: डेटा इस्तेमाल नहीं करने वाले ग्राहकों को बेवजह डेटा के पैसे नहीं देने पड़ेंगे।
ज्यादा विकल्प: ग्राहक अपनी जरूरत और खर्च के हिसाब से छोटे-बड़े रिचार्ज चुन सकेंगे।
क्यों लिया गया यह फैसला?
ट्राई ने कहा है कि टेलीकॉम कंपनियां ‘वॉइस और SMS’ ओनली वाले STV बहुत कम और सिर्फ लंबी वैलिडिटी पर ही दे रही थीं। इससे कम आय वाले उपभोक्ताओं को सस्ते और कम वैलिडिटी के रिचार्ज नहीं मिल पा रहे थे। ट्राई ने कुछ महीने पहले इस मामले पर सुझाव मांगे थे, जिसके जवाब में उसे 1132 प्रतिक्रियाएं और सुझाव प्राप्त हुए थे।
कब तक आ जाएंगे नए रिचार्ज?
ट्राई ने अपने नोटिफिकेशन में किसी तारीख का जिक्र नहीं किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि अब टेलीकॉम कंपनियों को कदम उठाना है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में ऐसे नए प्रीपेड प्लान्स आ सकते हैं, जो कम वैलिडिटी के साथ सिर्फ कॉल और एसएमएस की सुविधा पेश करेंगे। यानी आने वाले दिनों में अगर किसी को 30 दिन की वैलिडिटी वाला रिचार्ज चाहिए और डेटा की जरूरत नहीं है, तो उसे ओनली वॉइस और एसएमएस वाला रिचार्ज जरूर मिलेगा।














