इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियान्टो ने जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना गहरा सम्मान प्रकट किया है। राष्ट्रपति सुबियान्टो ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि वे प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के प्रशंसक हैं और उन्होंने अपने देश में कई भारतीय नीतियों को अपनाया भी है।

“PM मोदी की नीतियां कॉपी की हैं”

अपने भाषण के दौरान राष्ट्रपति सुबियान्टो ने कहा, “मेरे करीबी साथी इस बात की गवाही देंगे कि मैं नरेंद्र मोदी जी का बहुत बड़ा फ़ैन हूँ। प्रेसिडेंट बनने से पहले, मैंने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों का अध्ययन किया और क्योंकि उन पर कोई कॉपीराइट नहीं है, इसलिए मैंने उनकी कई नीतियां अपनाईं।” उन्होंने मजाक में यह भी जोड़ा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें इसकी अनुमति दी है, इसलिए उन पर कोई कॉपीराइट का केस नहीं हो सकता।

“मेरे शरीर में इंडियन DNA है”

सांस्कृतिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इंडोनेशियाई संस्कृति भारतीय सभ्यता से गहराई से प्रभावित है। उन्होंने खुलासा किया, “मेरे एक जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट से पता चला है कि मेरा DNA इंडियन है। शायद इसीलिए मुझे इंडियन म्यूज़िक सुनकर बहुत खुशी होती है और मेरा शरीर थिरकने लगता है।” उन्होंने बताया कि इंडोनेशिया की भाषा में लगभग 50% शब्द संस्कृत से लिए गए हैं।

भारत के लोकतंत्र की सराहना

राष्ट्रपति प्रबोवो ने भारत के चुनाव आयोग और भारत की ‘विविधता में एकता’ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि 1.4 बिलियन लोगों वाले इतने विशाल और विविध देश में सत्ता का शांतिपूर्ण बदलाव एक शानदार उपलब्धि है, जिसका अध्ययन वे खुद भी कर रहे हैं।

यह बयान भारत और इंडोनेशिया के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों के एक नए अध्याय का संकेत है। प्रबोवो सुबियान्टो का यह स्नेहपूर्ण संबोधन दोनों देशों के साझा सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूती प्रदान करता है।

"मैंने मौन धारण कर लिया है",Champat Rai ने तोड़ी चुप्पी,रामभक्तों के नाम लिखी चिट्ठी

शेयर करना
Exit mobile version