राजधानी लखनऊ से सटे जिले हरदोई में शिक्षा के मंदिर को व्यापार का केंद्र बनाने का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ के प्रतिष्ठित ‘सनबीम स्कूल’ में प्रिंसिपल की तानाशाही और अभिभावक के साथ दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना ने निजी स्कूलों में चल रही कमीशनखोरी और “शिक्षा माफिया” के आतंक को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार एसपी तिराहा स्थित सनबीम स्कूल में यूकेजी (UKG) के एक छात्र की माता, नीलम वर्मा, स्कूल की मनमानी का शिकार हुईं। नीलम ने स्कूल द्वारा चिन्हित दुकान से कोर्स तो खरीदा, लेकिन विवाद तब शुरू हुआ जब स्कूल प्रशासन ने ‘कॉपियां’ केवल स्कूल से ही खरीदने का दबाव बनाया। जब महिला ने इसका विरोध करना चाहा और प्रिंसिपल ममता मिश्रा से बात की, तो बातचीत शालीनता के बजाय बदसलूकी में बदल गई।
धमकी और बदसलूकी
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रिंसिपल ममता मिश्रा का पारा सातवें आसमान पर है। प्रिंसिपल ममता मिश्रा न केवल महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि स्कूल परिसर के भीतर ही उन्हें अपमानित भी किया। हद तो तब हो गई जब प्रिंसिपल ने सीधे तौर पर बच्चे का नाम काटने की धमकी दे डाली।
प्रशासनिक चुप्पी पर सवाल
अभिभावकों का कहना है कि यह केवल एक स्कूल की कहानी नहीं है, बल्कि पूरे जिले में ड्रेस और किताबों के नाम पर कमीशन का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। प्रिंसिपल की इस दबंगई ने अभिभावकों में रोष भर दिया है। फिलहाल, वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई का इंतज़ार है। क्या जिला प्रशासन इन बेलगाम निजी स्कूलों पर नकेल कसेगा या शिक्षा के नाम पर यह लूट यूँ ही जारी रहेगी?



