उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नागल थाना क्षेत्र स्थित लाखनौर गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 27 वर्षीय ग्राम पंचायत सहायक कोमल की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके सगे भाई आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि 16 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े तीन बजे जब आरोपी की आंख खुली, तो उसने अपनी बहन की चारपाई पर गांव के ही एक युवक विशाल को देखा। इसके बाद आरोपी के अनुसार युवक मौके से फरार हो गया, जिसके चलते भाई-बहन के बीच तीखा विवाद हुआ। पुलिस का कहना है कि इसी गुस्से और समाज में बदनामी के खौफ के चलते आरोपी ने खौफनाक साजिश रची। जब देर रात बहन कोमल गहरी नींद में सो रही थी, तब आरोपी भाई ने गुलाबी दुपट्टे से उसका गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
इस संबंध में थाना नागल में मुकदमा अपराध संख्या 316/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसएसपी सहारनपुर के कड़े दिशा-निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष को कस्बा नागल से दबोच लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं। इस दर्दनाक वारदात के बाद से परिवार और गांव में कोहराम मचा हुआ है।











