सीढ़ियां चढ़ते या तेजी से चलते समय वक्त हल्की सांस फूलना आम बात हो सकती है। कई लोग इसे उम्र बढ़ने, वजन बढ़ने या फिटनेस की कमी से जोड़कर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर सांस फूलने की समस्या अचानक शुरू हुई है या समय के साथ बढ़ रही है, तो इसे गंभीरता से लेना जरूरी है।

बता दे कि सांस फूलने की समस्या सिर्फ थकान नहीं होती, कई बार यह शरीर में छिपी किसी बीमारी का शुरुआती संकेत भी हो सकती है। समय रहते इसकी वजह पता लगाना बेहद जरूरी है।

किन बीमारियों का संकेत हो सकती है सांस फूलना ?

चलते समय या सीढ़ियां चढ़ते वक्त सांस फूलने के पीछे कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और डायबिटीज के मरीजों में यह दिल से जुड़ी बीमारी का शुरुआती लक्षण हो सकता है। कई मामलों में सांस फूलने की समस्या सीने में दर्द से पहले दिखाई देने लगती है।

इसके अलावा फेफड़ों या सांस की नली से जुड़ी समस्याओं के कारण भी कम मेहनत में सांस फूल सकती है। अगर किसी व्यक्ति को पहले से फेफड़ों की बीमारी है तो इस लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

खून की कमी से भी फूल सकती है सांस

शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया की वजह से भी सांस फूलने की समस्या हो सकती है। एनीमिया में हीमोग्लोबिन का स्तर कम हो जाता है, जिससे शरीर के अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इसके कारण जल्दी थकान महसूस होना और सांस फूलना जैसी परेशानियां हो सकती हैं। महिलाओं में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है।

इन लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत

डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल और मोटापे से परेशान लोगों को सांस फूलने की समस्या को हल्के में नहीं लेना चाहिए। इसके अलावा धूम्रपान करने वालों में भी यह समस्या किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकती है।

कब तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें?

अगर सांस फूलने के साथ सीने में दर्द, तेज धड़कन, ज्यादा पसीना आना, चक्कर आना या सीने में जकड़न जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। अगर पहले से कोई बीमारी है और सांस फूलने की समस्या लगातार बनी हुई है, तो जांच करवाना जरूरी है।

सही जांच से ही पता चलेगा कारण

सांस फूलने के कारण का अंदाजा खुद से लगाना सही नहीं है। सही इलाज के लिए इसकी असली वजह पता लगाना जरूरी है। डॉक्टर मेडिकल हिस्ट्री और जरूरी जांच के आधार पर समस्या का कारण पता लगाकर उचित इलाज शुरू कर सकते हैं।

26 जुलाई की 25 बड़ी खबरें | Top 25 News | UP News | Today Hindi News | CM Yogi | Akhilesh |Politics

शेयर करना
Exit mobile version