कर्नाटक के मंगलुरु में एक KFC आउटलेट फूड सेफ्टी अधिकारियों की जांच के घेरे में आ गया है। एक ग्राहक की शिकायत के बाद अधिकारियों ने अचानक आउटलेट पर पहुंचकर जांच की। ग्राहक ने आरोप लगाया था कि ऑनलाइन ऑर्डर किए गए चिकन पेरी-पेरी लेग्स बासी और बदबूदार थे। शिकायत के आधार पर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने किचन, स्टोर रूम, कोल्ड स्टोरेज, डीप फ्रीजर और फ्राइड चिकन स्टॉक की जांच की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने आउटलेट के गोदाम को सील कर दिया और चिकन के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कर्नाटक में Food Safety Inspection अभियान के तहत कई जगहों पर कार्रवाई जारी है। मैसूर में अधिकारियों ने कई होटलों और रिसॉर्ट्स की जांच कर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त की। इस दौरान रियो मेरिडियन होटल से 9 किलो एक्सपायर्ड चिकन, ग्रैंड मर्क्योर होटल से 68 किलो मीट और क्यू स्टार होटल से 4 किलो मशरूम जब्त किए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने मैसूरु और नंजनगुड तालुका के रिसॉर्ट्स में भी निरीक्षण अभियान चलाया, जहां खाने-पीने की चीजों के सैंपल लिए गए। अभियान के दौरान एक्सपायर हो चुके और जल्दी खराब होने वाले 16 किलो खाद्य पदार्थों को जब्त कर नष्ट किया गया। वहीं, बेंगलुरु के एक प्राइवेट हॉस्पिटल की जांच में भी किचन से एक्सपायर रवा, आइसिंग शुगर, मैदा, बेकरी प्रोडक्ट्स, मिक्सचर और पानी पुरी के पैकेट मिले थे।















