गोंडा: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय झंझरी में एक छात्रा के साथ कथित उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय की रसोइया ने कक्षा सात की छात्रा के हाथ पर गर्म सब्जी डाल दी, जिससे उसकी चार उंगलियां झुलस गईं। घटना के बाद छात्रा दर्द से परेशान होकर बेहोश हो गई। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां करीब तीन घंटे तक उसका इलाज चला। उपचार के बाद छात्रा को दोबारा विद्यालय भेज दिया गया।
रसोइया ने प्रतीक्षा शर्मा के हाथ पर गर्म सब्जी डाल दी
छात्रा प्रतीक्षा शर्मा का आरोप है कि उसकी बहन सरगम शर्मा के साथ पहले रसोइया ने मारपीट की थी। 14 जुलाई को सरगम दाल लेने गई थी, तभी रसोइया ने उसे चम्मच से मारा था। इसकी शिकायत किए जाने के बाद रसोइया को नोटिस जारी किया गया था। आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर शनिवार रात रसोइया ने प्रतीक्षा शर्मा के हाथ पर गर्म सब्जी डाल दी।
संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
मामले का संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी को जांच सौंपी है। साथ ही वार्डेन से भी जवाब मांगा गया है। बीएसए ने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












