Ghaziabad: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में आज दिनदहाड़े बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। बेखौफ बदमाशों ने एक निजी बैंक की कैश वैन को निशाना बनाया और लगभग 25 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। यह वारदात उस समय हुई जब कैश वैन कर्मी एक एटीएम (ATM) में पैसे भरने की तैयारी कर रहे थे।

बता दें, चश्मदीदों के मुताबिक बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से वैन को घेरा और वैन के दोनों तरफ से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बदमाशों ने कैश वैन के सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और रुपयों से भरा बैग लेकर चंपत हो गए।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एडिशनल कमिश्नर राजकरण नैय्यर खुद मौके पर पहुंचे और कैश वैन कर्मियों से गहन पूछताछ की। पुलिस इस मामले में कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

लावारिस हालत में मिली वैन
वारदात के कुछ घंटों बाद, लूटी गई कैश वैन मसूरी थाना पुलिस ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर लावारिस हालत में बरामद की है। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम वैन की बारीकी से जांच कर रही है ताकि फिंगरप्रिंट और अन्य सुराग जुटाए जा सकें। पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है।

"लोकतंत्र चाहिए या तानाशाही ?" चुनावी नतीजों  के बाद BJP पर Sanjay singh का सबसे बड़ा हमला

शेयर करना
Exit mobile version