बिजनौर : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शहर कोतवली इलाके के बेगावाला गांव में पारिवारिक झगड़े में एक व्यक्ति की जान चली गई। आरोप है कि छोटे भाई मोहम्मद नदीम ने अपने बड़े भाई मोहम्मद सलीम (32) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बच्चों के झगड़े ने भाइयों के बीच बढ़ाई दूरियां
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि सलीम की पत्नी और नदीम की पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। दोनों परिवारों के बच्चों के बीच भी झगड़े होते थे। इस वजह से दोनों भाइयों के बीच अनबन भी बढ़ रही थी। बुधवार सुबह भी दोनों परिवारों के बीच झगड़ा और विवाद हुआ।
सोते समय रात में धारदार हथियार से गला रेता
बताया गया कि बुधवार देर शाम मोहम्मद सलीम बाहर से घर लौटा और सोने चला गया। आरोप है कि इसी दौरान छोटे भाई नदीम ने उस पर सब्बल से हमला कर दिया। गर्दन पर गहरा वार होने से सलीम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
आरोपी परिवार समेत फरार
घटना के बाद आरोपी नदीम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एडिशनल पुलिस सुपरिटेंडेंट नगर डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



