लखनऊ: कोडिन कफ सिरप तस्करी के मास्टरमाइंड और ₹1 लाख के इनामी शुभम जायसवाल समेत तीन आरोपियों को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। एसटीएफ की जांच में शामिल इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पांडेय ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तीनों के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज कराई है।

दुबई में छिपे हैं तीनों आरोपी

एसटीएफ के मुताबिक, शुभम जायसवाल, वरुण सिंह और गौरव जायसवाल फिलहाल दुबई में रह रहे हैं। कोर्ट की ओर से लुकआउट नोटिस और गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी होने के बावजूद आरोपी लगातार अदालत में पेश नहीं हो रहे हैं।

कुर्की की कार्रवाई की तैयारी

मामले के विवेचक इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पांडेय ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ अब कुर्की की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस मामले में 8 अप्रैल 2024 को मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद शासन ने जांच एसटीएफ को सौंप दी थी।

कई राज्यों में फैला था तस्करी का नेटवर्क

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने कई राज्यों में कोडिन युक्त कफ सिरप की तस्करी का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर रखा था। कार्रवाई तेज होने से पहले ही तीनों आरोपी देश छोड़कर दुबई भाग गए थे।

कोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं लौटे भारत

चार फरवरी 2026 को कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। कई बार अदालत में हाजिर होने के निर्देश दिए गए, लेकिन आरोपी भारत वापस नहीं लौटे।

पहले हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां

इस मामले में शुभम जायसवाल के पिता भोला को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह, उसके करीबी अमित टाटा समेत कुल 18 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

CM Yogi का kanpur दौरा | CSA विश्वविद्यालय में प्राकृतिक खेती कार्यशाला में होंगे शामिल | UP News

शेयर करना
Exit mobile version