राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सीमलिया के पास यात्रियों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। वाहन में करीब 25 लोग सवार बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के करीब चार लोगों की मौत की खबर है। हालांकि, मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अचानक अनियंत्रित होकर नाले में गिरी गाड़ी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टेंपो ट्रैवलर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कोटा जिले के सीमलिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। वाहन के अनियंत्रित होकर नाले में गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी में बड़ी संख्या में यात्री सवार होने के कारण हादसे की गंभीरता बढ़ गई।
मृतकों और घायलों की जानकारी का इंतजार
वही शुरुआती सूचनाओं में बैतूल जिले के करीब चार लोगों की मौत की बात सामने आई है। हालांकि, मृतकों की पहचान, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
हादसे की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टेंपो ट्रैवलर किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई और नाले में जा गिरी। दुर्घटना के कारणों और राहत-बचाव कार्य से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।











