रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड): केदारनाथ यात्रा के सम्बन्ध में सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने के मामले में रुद्रप्रयाग पुलिस ने अब तक 4 मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनीटरिंग सैल द्वारा लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस हर अपलोडेड वीडियो और सूचना की जांच कर रही है।
आईजी गढ़वाल रेंज, राजीव स्वरुप ने कहा कि सोशल मीडिया पर अपने व्यूअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से कुछ लोग सरकार और प्रशासन की छवि को खराब करने के साथ ही केदारनाथ यात्रा पर नकारात्मक प्रभाव डालने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया और मुक़दमा दर्ज किया है।
उन्होंने आगे अपील की कि सभी सोशल मीडिया यूजर्स से आग्रह किया गया है कि वे बिना तथ्यों की पुष्टि किए भ्रामक और सनसनीखेज खबरें साझा न करें। पुलिस का कहना है कि इस तरह की भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।



