कानपुर: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कानपुर में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दलीलपुरवा चौकी क्षेत्र में छापेमारी कर तीन प्रतिष्ठानों को सील कर दिया, जबकि एक प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया है।
गंदगी के बीच केक और समोसे तैयार किए जा रहे थे
बता दे कि कार्रवाई के दौरान टीम ने कई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच में बॉम्बे बेकरी में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यहां बिना लाइसेंस के खाद्य पदार्थों की बिक्री की जा रही थी। इसके अलावा बेकरी में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब मिली। गंदगी के बीच केक और समोसे तैयार किए जा रहे थे।इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अलग-अलग वस्तुओं के सैंपल भी लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था
वहीं, गोपाला स्वीट हाउस में भी साफ-सफाई को लेकर लापरवाही मिली। यहां भी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। टीम ने मौके से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई के दौरान कुल 10 सैंपल एकत्र किए हैं, जिन्हें लैब जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना लाइसेंस और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



