डेस्क : कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं। हादसे में सैन्य अदालत के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातलायी तिएंदे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया की भी जान चली गई।
बता दे कि कांगोली सैन्य प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे ने बयान जारी कर बताया कि दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्य और चालक दल के सदस्य भी हादसे में मारे गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, विमान में सवार सभी लोगों की मौत हुई है।
बताया गया कि सैन्य विमान दक्षिण-पश्चिमी किकवित से राजधानी किंशासा लौट रहा था। इसी दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई और वह रास्ते में केंगे में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं जांच से जुड़ी कार्रवाई शुरू की गई। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के बोर्ड चेयरमैन ट्राइफॉन किन-किये मुलुम्बा ने कहा कि फिलहाल दुर्घटना का कारण अज्ञात है।
कांगो की सेना पूर्व में कई विद्रोही समूहों के खिलाफ संघर्ष करती रही है। इनमें रवांडा समर्थित एम23 विद्रोही समूह भी शामिल है। सैन्य विमान हादसे में दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत 14 लोगों की मौत के बाद दुर्घटना के कारणों को लेकर जांच पर सभी की नजर है।














