टीवी और फिल्म एक्ट्रेस सरगुन मेहता इन दिनों बेहद खुश हैं। इसकी वजह उनके पति और एक्टर रवि दुबे को फिल्म ‘रामायण’ में लक्ष्मण के किरदार के लिए मिल रही तारीफ है। रवि की इस कामयाबी पर सरगुन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने पति के 21 साल के लंबे करियर, संघर्ष, रिजेक्शन और उनके अटूट विश्वास का जिक्र करते हुए इस सफलता को खास बताया है।
‘इस दिवाली हमारा वनवास पूरा होगा’
सरगुन मेहता ने अपने पोस्ट की शुरुआत एक खास लाइन से की। उन्होंने लिखा, “मैंने कहा था इस दिवाली हमारा वनवास पूरा होगा बड़ी।” इस लाइन के जरिए उन्होंने रवि के लंबे संघर्ष के बाद मिली पहचान पर खुशी जाहिर की।
सरगुन ने वाल्मीकि रामायण की एक पंक्ति का भी जिक्र किया और बताया कि रवि ने अपने करियर में कितने उतार-चढ़ाव देखे हैं। उन्होंने लिखा कि 21 साल का इंतजार, रिजेक्शन, लोगों के फैसले और तमाम रुकावटें आखिरकार उनके पति के विश्वास और मेहनत के सामने हार गईं।
21 साल के संघर्ष और मेहनत को किया याद
सरगुन ने अपने इमोशनल नोट में लिखा, “आप जानते थे कि यह हमेशा से आपके दिल में था। 21 साल का इंतजार, उतार-चढ़ाव, रिजेक्शन, जजमेंट, रुकावटें आज आपके विश्वास और लगन के आगे हार गईं। सबसे बुरे समय में भी; कभी गलत बोला नहीं, कभी किया नहीं। हर बुरे दिन बास और टप्प किया। बेहतर होने के लिए बैठें, कुछ नया सीखें कि जिस दिन वक्त आएगा उस दिन कोई बहाना नहीं चलेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि रवि की यह सफलता उनके साथ-साथ उन सभी लोगों के लिए भी बेहद खास है, जिन्होंने उनके सफर को करीब से देखा है। इस कामयाबी ने अच्छाई और मेहनत पर उनके विश्वास को और मजबूत किया है।
‘मैं आपकी सबसे बड़ी फैन हूं’
सरगुन ने अपने पति के लिए प्यार और गर्व जाहिर करते हुए लिखा कि उन्हें हमेशा रवि की पत्नी होने पर गर्व रहा है, लेकिन वह जिंदगी भर उनकी सबसे बड़ी फैन भी रहेंगी।
उन्होंने कहा, “आज मेरा दिल बहुत भरा हुआ है क्योंकि मुझे पता है कि जो मैं कहती थी कि ‘मेरा बंदा रब है’, अब सब कहेंगे। मुझे अपनी पत्नी होने पर हमेशा गर्व है, लेकिन मैं जिंदगी भर के लिए आपकी सबसे बड़ी और सबसे बड़ी फैन भी हूं।”
अपने पोस्ट के आखिर में सरगुन ने रवि को अपनी रोशनी बताया और उनके हमेशा चमकते रहने की कामना की। उन्होंने इस दिवाली को खास बनाने के लिए रवि का शुक्रिया अदा करते हुए उन्हें ‘रवि लेजेंड दुबे’ कहकर संबोधित किया।
‘रामायण’ में लक्ष्मण बनकर छाए रवि दुबे
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ में रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। उनके इस किरदार को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे।
वहीं, अभिनेता अनुपम खेर जटायु के किरदार को अपनी आवाज देंगे। इसके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता और रकुल प्रीत सिंह भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
‘रामायण: पार्ट 1’ इस महाकाव्य पर आधारित दो भागों वाली सिनेमाई प्रस्तुति का पहला हिस्सा है। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्सुकता है। ऐसे में रवि दुबे के अभिनय की चर्चा और सरगुन मेहता का भावुक पोस्ट इस फिल्म को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ा रहा है।














