एंटरटेनमेंट डेस्क: ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और रिलीज के बाद से दर्शकों के बीच चर्चा में बनी हुई है। क्राइम थ्रिलर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। इसी बीच फैंस फिल्म की OTT Release को लेकर भी उत्सुक हैं और जानना चाहते हैं कि यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कब और कहां स्ट्रीम होगी।
किस OTT प्लेटफॉर्म पर आएगी ‘मिर्जापुर द मूवी’?
जीक्यू इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ के डिजिटल रिलीज का इंतजार कर रहे दर्शक इसे Prime Video पर देख सकेंगे। ओरिजिनल ‘मिर्जापुर’ सीरीज के तीनों सीजन भी प्राइम वीडियो पर ही रिलीज हुए थे।
हालांकि, अभी तक मेकर्स या स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की ओर से फिल्म की OTT रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में दर्शकों को डिजिटल प्रीमियर की तारीख के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा।
स्ट्रीमिंग से सिनेमाघरों तक पहुंची ‘मिर्जापुर’ फ्रैंचाइजी
‘मिर्जापुर द मूवी’ इस फ्रैंचाइजी के लिए एक बड़ा बदलाव है। ओरिजिनल सीरीज नवंबर 2018 में शुरू हुई थी और तीन सीजन के दौरान इसने काफी लोकप्रियता हासिल की।
कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना जैसे किरदार ‘मिर्जापुर’ की पहचान बन गए। फिल्म में इन चर्चित किरदारों की वापसी ने दर्शकों के बीच इसकी चर्चा और बढ़ा दी है।
सातवें दिन फिल्म ने की 10.55 करोड़ की कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, सिनेमाघरों में रिलीज के सातवें दिन ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने भारत में 10.55 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का 7 दिनों का नेट कलेक्शन 148.45 करोड़ रुपये पहुंच गया।
वहीं, भारत में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 176.94 करोड़ रुपये हो गई। विदेशों में सातवें दिन फिल्म ने 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 35.50 करोड़ रुपये पहुंच गया।
फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 212.44 करोड़ रुपये हो गया है।
गुरमीत सिंह ने किया डायरेक्ट
‘मिर्जापुर द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। ओरिजिनल सीरीज के निर्माता और लेखक पुनीत कृष्णा ने ही फिल्म की कहानी लिखी है।
फिल्म में फ्रैंचाइजी के कई अहम किरदारों की वापसी हुई है। पंकज त्रिपाठी एक बार फिर ‘कालीन भैया’ के किरदार में नजर आए हैं। वहीं अली फजल ने ‘गुड्डू पंडित’ और दिव्येंदु ने ‘मुन्ना’ के रोल में वापसी की है।
इन कलाकारों की भी हुई वापसी
फिल्म में रसिका दुग्गल, अभिषेक बनर्जी, श्वेता त्रिपाठी और कुलभूषण खरबंदा समेत कई कलाकार अपने पुराने किरदारों में वापस आए हैं।
वहीं जितेंद्र कुमार, रवि किशन और सोनल चौहान फिल्म में नए कलाकारों के तौर पर शामिल हुए हैं।



