देहरादून/नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपने गृह राज्य उत्तराखंड लौटने और वहां अपना पहला घर बनाने की इच्छा जाहिर की है। इस समय श्रीलंका दौरे पर मौजूद 28 वर्षीय पंत ने आधी रात को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए सीधे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि वह पिछले तीन सालों से जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
मुझे अपने उत्तराखंड से बहुत प्यार है
पंत ने अपनी पोस्ट में लिखा, “नमस्ते सर, आप कैसे हैं? उत्तराखंड का निवासी होने के नाते मुझे काफी समय हो गया है। मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन रहने के लिए कोई बड़ी और सुविधाजनक जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपने उत्तराखंड से बहुत प्यार है। सब कुछ दरकिनार कर मैं अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहता हूं और राज्य के विकास में योगदान देना चाहता हूं। पिछले 3 सालों से मुझे कोई जमीन नहीं मिली है, आपके जवाब का इंतजार रहेगा।”
मुफ्त नहीं, तय दरों पर खरीदना चाहता हूं जमीन
अपनी अगली पोस्ट में पंत ने तुरंत यह भी स्पष्ट कर दिया कि वह सरकार से कोई मुफ्त उपहार या रियायत नहीं चाहते। उन्होंने लिखा, “अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपहार मिलना तो प्यारा होगा, लेकिन अगर आप अनुमति दें तो मैं इसे सरकार से उनकी तय दरों पर खरीदना चाहता हूं। कम से कम मैं अपने राज्य में अपना पहला घर बना सकूं। कृपया इसमें मदद करें, मुझे वास्तव में नहीं पता कि यह प्रक्रिया कैसे की जाती है।”
श्रीलंका में खेल रहे हैं पंत
पंत का यह बयान ऐसे समय आया है जब वह 15 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका में वॉर्मअप मैच खेल रहे हैं। मैच के पहले दिन उन्होंने शुरुआती कुछ देर विकेटकीपिंग की, जिसके बाद भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेज करने के लिए ध्रुव जुरेल ने उनकी जगह ले ली।













