तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेहरान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ एक बार फिर धमकी भरे बिलबोर्ड लगाए गए हैं। मंगलवार (3 नवंबर) को सामने आए एक बिलबोर्ड में ट्रंप की तस्वीर को जेल के अंदर दिखाया गया है। इसके साथ ही ईरान की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति को धमकी देते हुए लिखा गया है, ‘हम ट्रंप की हत्या कर देंगे।’ अमेरिका के हालिया हमले के बाद ईरान में एक बार फिर अमेरिका विरोधी माहौल देखने को मिल रहा है।
केशम द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद बढ़ा तनाव
दरअसल, अमेरिका ने मिडटर्म इलेक्शन के बीच ईरान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण केशम द्वीप पर हमला किया है। बताया जा रहा है कि सोमवार को इस द्वीप पर मिसाइलों से हमला किया गया। इसके बाद ईरान की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। तेहरान में ट्रंप के खिलाफ पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। इससे पहले भी ईरान में अमेरिकी राष्ट्रपति के खिलाफ इस तरह के पोस्टर देखने को मिल चुके हैं।
ईरानी सेना का दावा- तीन अमेरिकी ड्रोन रोके
इस बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिकी ड्रोन को लेकर बड़ा दावा किया है। आईआरजीसी के मुताबिक, उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने देश के दक्षिणी हवाई क्षेत्र में तीन अमेरिकी ड्रोन को रोका।
ईरानी सेना का दावा है कि इनमें दो MQM-170 आउटलॉ ड्रोन थे, जिन्हें केशम द्वीप के ऊपर रोका गया। वहीं, तीसरा MQ-9 रीपर ड्रोन होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी हिस्से के समुद्री क्षेत्र में मार गिराया गया।
होर्मुज स्ट्रेट पर भी युद्ध का असर
अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष का असर होर्मुज स्ट्रेट पर भी पड़ा है। पिछले कई हफ्तों से अमेरिका ईरान पर छोटे स्तर के हमले कर रहा था, लेकिन सोमवार को केशम द्वीप पर मिसाइल हमले के बाद तनाव और बढ़ गया।
कुछ अमेरिकी अधिकारियों ने इन हमलों को रक्षात्मक कार्रवाई बताया है। उनका कहना है कि इनका उद्देश्य ईरान को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर हमले करने से रोकना है।
गौरतलब है कि होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक समुद्री व्यापार और तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण इस रास्ते पर भी असर पड़ रहा है।















