अमेठी: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे के दौरान केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बेहद हमलावर नजर आए। जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव का हवाला देते हुए देश की अर्थव्यवस्था को लेकर एक बड़ी चेतावनी दी है। राहुल गांधी ने कहा कि वे लंबे समय से जिस आर्थिक संकट की बात कह रहे थे, अब उसकी आहट साफ सुनाई देने लगी है।
राहुल गांधी ने वैश्विक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, “ईरान में होर्मूज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया गया है। मैं काफी समय से देश में एक बड़े आर्थिक तूफान के आने की बात कहता रहा हूं, लेकिन जब भी मैं यह चेतावनी देता हूं, बीजेपी के लोग गंभीरता से लेने के बजाय मेरा मजाक उड़ाते हैं।”
“मोदी जी का काम देश की रक्षा करना, टॉफी बांटना बंद करें”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “मोदी जी का असली काम देश की सीमाओं की रक्षा करना और देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूती से संभालना है। लेकिन वह अपनी जिम्मेदारियों से भटक रहे हैं। जो तेल बाहर भेजा जा रहा है, वह असल में हिंदुस्तान के हक का है और वह हमारे देश को मिलना चाहिए। मैं साफ कहता हूं कि अब जनता के बीच इस तरह ‘टॉफी बांटना’ बंद होना चाहिए।”
संविधान और चुनाव प्रणाली पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने एक बार फिर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया, “इस देश की रक्षा हमारा पवित्र संविधान करता है, लेकिन मौजूदा सरकार ने आपके हाथ बांध दिए हैं। इन्होंने देश की चुनाव प्रणाली (इलेक्शन) को एक तरह से ‘वोट चोरी का सिस्टम’ बना दिया है, जिससे जनता के जनादेश के साथ खिलवाड़ किया जा सके।” राहुल गांधी के इस तीखे बयान के बाद प्रदेश और देश की सियासत में एक बार फिर वार-पलटवार का दौर शुरू होना तय माना जा रहा है।















