बेंगलुरु। देश की आईटी राजधानी बेंगलुरु से महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। एक महिला ने डिलीवरी एजेंट पर गंभीर आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी है। महिला का कहना है कि बार-बार मना करने के बावजूद डिलीवरी बॉय जबरन उसके फ्लैट में घुस आया और शौचालय का इस्तेमाल करने के बाद उसके सामने अश्लील हरकत की। इस घटना के बाद से पीड़िता गहरे सदमे में है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
पीड़िता ने अपनी पूरी आपबीती सोशल मीडिया पर विस्तार से साझा की है, जिसके बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया। महिला के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब डिलीवरी एजेंट उसके घर पर एक पार्सल पहुंचाने आया था। पार्सल देने के बाद उसने महिला से शौचालय का उपयोग करने की अनुमति मांगी, लेकिन महिला ने सुरक्षा कारणों और अजनबी होने की वजह से उसे घर के अंदर आने देने से साफ इनकार कर दिया। उसने एजेंट को यहां तक सुझाव दिया कि अगर कोई इमरजेंसी है तो वह बगल में रहने वाले पुरुष पड़ोसियों से मदद मांग सकता है।
बार-बार मना करने के बाद भी जबरन घर में घुसा
महिला ने बताया कि उसकी बार-बार की मनाही के बावजूद आरोपी ने उसकी आपत्तियों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। उसने अपनी चप्पलें उतारीं और महिला की मर्जी के बिना जबरन घर में दाखिल हो गया। शौचालय का उपयोग करने के बाद जब वह बाहर निकला तो उसने महिला के सामने ही अपने प्राइवेट पार्ट निकालकर अश्लील हरकत की। इससे महिला पूरी तरह स्तब्ध और भयभीत रह गई। उसने लिखा, “जब एक महिला ने ‘ना’ कह दिया था, तो बात वहीं खत्म हो जानी चाहिए थी। किसी भी पुरुष को महिला की सीमाओं का उल्लंघन करने या जबरन उसके घर में घुसने का कोई अधिकार नहीं है।”
सूझबूझ से बचाई अपनी जान
घटना के दौरान महिला इस कदर खौफजदा थी कि उसे अपनी आबरू और जान का खतरा महसूस होने लगा था। ऐसे कठिन समय में भी उसने हिम्मत नहीं हारी और सूझबूझ से काम लिया। उसने तुरंत अपने मोबाइल का कैमरा ऑन कर लिया और फ्लैट का मुख्य दरवाजा पूरी तरह खोलकर खुद बाहर भागने की स्थिति में दरवाजे के पास खड़ी हो गई, ताकि जरूरत पड़ने पर शोर मचाकर मदद बुला सके। महिला ने कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों की खबरों के कारण उसके मन में जो डर बैठ गया है, उसी वजह से वह तुरंत सतर्क हो पाई।
बेंगलुरु पुलिस ने लिया संज्ञान
महिला की यह दर्दनाक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए ही महिला से संपर्क साधकर घटना से जुड़े अधिक विवरण, समय और आरोपी की जानकारी साझा करने का अनुरोध किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की ओर से औपचारिक शिकायत और अतिरिक्त विवरण मिलते ही आरोपी डिलीवरी एजेंट के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।












