लखनऊ : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास का आंगन बेटियों की चहलकदमी और उत्साह से खिलखिला उठा। ‘बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ स्नेह बंधन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस विशेष आयोजन में विभिन्न विद्यालयों की स्कूली बच्चियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कलाई पर स्नेह की डोर बांधी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के अपने संकल्प को एक बार फिर दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चियों से बेहद आत्मीय संवाद किया और उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन केवल एक धागा बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह श्रद्धा, प्रेम, विश्वास और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। सरकार महिलाओं और बालिकाओं की शिक्षा व सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बेटियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस मौके पर नंदिनी नामक छात्रा ने सीएम को अपने हाथों से बना रक्षाबंधन कार्ड भेंट किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहा।
इस भव्य आयोजन में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय, द संस्कृति स्कूल और एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज समेत कई विद्यालयों की छात्राएं शामिल हुईं। अद्रिका, अर्पिता, अंशिका और अनायसा समेत कई छात्राओं ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनसे कई सवाल भी पूछे। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ सेल्फी ली और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उपहार प्रदान किए। ‘फ्रेंड्स ऑफ योगी परिवार’ की वालंटियर्स ने भी मुख्यमंत्री को राखियां भेजकर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।













