सैन फ्रांसिस्को/नई दिल्ली : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में वैश्विक क्रांति लाने वाली और चैटजीपीटी (ChatGPT) की निर्माता कंपनी ओपनएआई (OpenAI) जल्द ही शेयर बाजार में कदम रख सकती है। ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक खोजी न्यूज़ रिपोर्ट के मुताबिक, OpenAI आने वाले कुछ ही हफ्तों में इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए गोपनीय तरीके से (कॉन्फिडेंशियली) फाइल करने की योजना बना रही है। इस कदम को वैश्विक टेक्नोलॉजी और कॉर्पोरेट इतिहास के सबसे बड़े ऑफरिंग्स में से एक माना जा रहा है, जिससे एआई रेस में शामिल कंपनियों के बीच दांव और ज्यादा बढ़ जाएंगे।

दिग्गज बैंकों के साथ चल रही तैयारी, सितंबर में लिस्टिंग संभव
रिपोर्ट में मामले की सीधी जानकारी रखने वाले दो सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि OpenAI इस आईपीओ के दस्तावेज़ और पेपरवर्क तैयार करने के लिए वॉल स्ट्रीट के दिग्गज निवेश बैंकों- ‘गोल्डमैन सैक्स’ और ‘मॉर्गन स्टेनली’ के साथ मिलकर काम कर रहा है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि कंपनी स्टॉक मार्केट के उतार-चढ़ाव पर करीब से नज़र रख रही है, इसलिए फाइलिंग के सटीक समय में थोड़ा बदलाव हो सकता है। यदि यह फाइलिंग उम्मीद के मुताबिक जल्द होती है, तो कंपनी का बहुप्रतीक्षित आईपीओ सितंबर तक बाजार में दस्तक दे सकता है। इस संभावित लिस्टिंग पर OpenAI के प्रवक्ता ने कहा, “सामान्य गवर्नेंस के हिस्से के रूप में, हम नियमित रूप से कई रणनीतिक विकल्पों का मूल्यांकन करते हैं, लेकिन वर्तमान में हमारा पूरा फोकस काम को सही ढंग से एग्जीक्यूट करने पर है।”

दौलत की आएगी बाढ़, बनेंगे दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर
निजी बाजारों में हालिया फंडिंग राउंड के बाद सैन फ्रांसिस्को स्थित इस टेक कंपनी की वैल्यूएशन करीब 730 बिलियन अमेरिकी डॉलर (USD 730 Billion) आंकी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, आगामी महीनों में टेक जगत में आईपीओ की एक बड़ी लहर देखने को मिल सकती है। एलन मस्क की रॉकेट कंपनी ‘स्पेसएक्स’ (SpaceX) जिसकी वैल्यू 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा है, वह भी अगले महीने शेयर बाजार में उतरने की तैयारी में है। वहीं OpenAI की प्रतिद्वंदी कंपनी ‘एंथ्रोपिक’ (Anthropic) भी पब्लिक होने के कदम उठा रही है। रिपोर्ट में रेखांकित किया गया है कि, “यह आईपीओ बूम पीढ़ियों तक दौलत की बाढ़ लाएगा, जिससे दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर (लाख-करोड़पति) बन सकते हैं और सिलिकॉन वैली के टेक एग्जीक्यूटिव्स की संपत्ति कई गुना बढ़ जाएगी।”

विरोध और कानूनी बाधाएं पार
हालांकि, यह एआई कंपनियां ऐसे समय में बाजार में उतर रही हैं जब वैश्विक स्तर पर एआई टेक्नोलॉजी का विरोध भी तेज हो रहा है। अमेरिका में पेरेंट ग्रुप्स, पर्यावरणविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का एक बड़ा राष्ट्रीय आंदोलन एआई का विरोध कर रहा है, जिन्हें डर है कि यह तकनीक नौकरियों, पर्यावरण, राष्ट्रीय सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकती है। इसके बावजूद, OpenAI के लिए सोमवार को लिस्टिंग का रास्ता तब और साफ हो गया जब एक फेडरल जज और जूरी ने टेक अरबपति एलन मस्क के उस मुकदमे को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसका मकसद पिछले साल बनाई गई OpenAI की प्रॉफिट कमाने वाली (फॉर-प्रॉफिट) इकाई को खत्म करना था।

क्या है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’? CJI की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर मचा बवाल

शेयर करना
Exit mobile version