बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में काम करने और देश के स्पेस मिशन का हिस्सा बनने का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अंतरिक्ष विभाग और इसरो ने कुल 746 विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है, जिसमें वैज्ञानिकों और इंजीनियरों से लेकर प्रशासनिक स्टाफ और अप्रेंटिस तक के पद शामिल हैं।

कितने पदों पर होगी भर्ती?

इसरो में गहराते कर्मचारियों के संकट के बीच निकाली गई इस भर्ती में 336 स्थायी पद और 410 अप्रेंटिसशिप के पद शामिल हैं। हालांकि, स्थायी भर्ती के लिए निकाले गए ये 336 पद कुल 5,632 खाली पदों का महज 6 प्रतिशत से भी कम हैं, जिससे कर्मचारियों की कमी पूरी तरह दूर होने की उम्मीद नहीं है। इनमें से कम से कम 43 पद बैकलॉग यानी पहले से खाली पड़े पदों के लिए हैं।

किस पद पर कितनी वैकेंसी?

सबसे ज्यादा 92 पद वैज्ञानिक और इंजीनियर के हैं। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स की 34, मैकेनिकल की 26 और कंप्यूटर साइंस की 13 सीटें शामिल हैं। इसके अलावा सिविल की 10, इलेक्ट्रिकल की 4, रेफ्रिजरेशन और एयर-कंडीशनिंग की 2, आर्किटेक्चर की 2 और अहमदाबाद स्थित फिजिकल रिसर्च लेबोरेटरी में एक सिविल इंजीनियर के पद पर भर्ती होगी। इस भर्ती अभियान का सबसे बड़ा हिस्सा इसरो सेंट्रलाइज्ड रिक्रूटमेंट बोर्ड के जरिए भरे जाने वाले 244 लेवल-4 प्रशासनिक पद हैं, जिनमें 113 असिस्टेंट, 81 जूनियर पर्सनल असिस्टेंट, 22 अपर डिवीजन क्लर्क, 10 स्टेनोग्राफर और स्वायत्त संस्थानों के लिए 17 असिस्टेंट व एक जूनियर पर्सनल असिस्टेंट का पद शामिल है।

अप्रेंटिस के लिए भी मौका

यूआर राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) बेंगलुरु में ग्रेजुएट और डिप्लोमा पास युवाओं के लिए 410 अप्रेंटिसशिप सीटें निकाली गई हैं, जहां चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनिंग के साथ-साथ हर महीने स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।

Parliament Session 2026: 'दानपात्र में जाने से पहले जेबें भरीं.. धर्मेंद्र यादव ने दिया बड़ा बयान

शेयर करना
Exit mobile version