इटली के विभिन्न शहरों में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और हिंसक झड़पों के मद्देनजर भारतीय एम्बेसी ने सोमवार को वहां रह रहे सभी भारतीय नागरिकों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है। एम्बेसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश जारी कर नागरिकों को पूरी तरह सतर्क रहने, भीड़-भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने और विरोध प्रदर्शन वाली जगहों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब इटली के कई प्रमुख शहरों में पिछले हफ्ते से प्रदर्शनों के दौरान तनाव की स्थिति बनी हुई है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस स्थिति पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि कुछ असामाजिक और संगठित अपराधी तत्वों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनों का फायदा उठाकर सुरक्षा बलों पर हमले किए और अफरा-तफरा का माहौल पैदा किया। मिलान, ट्यूरिन और बोलोग्ना जैसे शहरों में प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा में कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं, और एहतियात के तौर पर बोलोग्ना में सेंट्रल रेलवे हब को भी बंद करना पड़ा था।
प्रधानमंत्री मेलोनी ने शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने के लोकतांत्रिक अधिकार का समर्थन किया, लेकिन हिंसक गतिविधियों और तोड़फोड़ की कड़ी निंदा की। उन्होंने विपक्षी दलों से भी अपील की है कि वे हिंसा के खिलाफ बिना किसी हिचकिचाहट के स्पष्ट रूप से अपनी आवाज उठाएं और शांति की अपील करें। भारतीय एम्बेसी लगातार स्थानीय हालात पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों से पूरी सावधानी बरतने की अपील की गई है।














