Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोकभवन में आज एक विशेष सांस्कृतिक और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने नवनियुक्त मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ की स्पेशल स्क्रीनिंग देखी। मंत्रिमंडल विस्तार के तुरंत बाद हुई इस स्क्रीनिंग को सरकार की सांस्कृतिक प्राथमिकताओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
UP में टैक्स फ्री हुई फिल्म
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता के लिए एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री (कर मुक्त) घोषित कर दिया है। सीएम ने कहा कि इस फिल्म के माध्यम से भारत की समृद्ध परंपरा और गौरवशाली संस्कृति को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारा गया है। उन्होंने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों और निर्माण टीम का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
‘आधुनिकता आवश्यक, पर परंपरा विस्मृत न हो’
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने एक बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, “आज के युग में आधुनिकता आवश्यक है, लेकिन अपनी परंपराओं को विस्मृत करके यानी भूलकर नहीं। यह फिल्म हमारी युवा पीढ़ी और बच्चों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है ताकि वे अपनी जड़ों, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास के बारे में जान सकें।”
लोकभवन में आयोजित इस स्क्रीनिंग के दौरान सरकार के सभी वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे। फिल्म को टैक्स फ्री करने के फैसले का उद्देश्य इसे अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर छात्र-छात्राओं तक पहुँचाना है।













